
ब्यावरा। रुठियाई- मक्सी रेलखंड के जलालपुरा फाटक के पास बीती रात पिकअप वाहन इंटरसिटी एक्सप्रेस से टकरा गया. रात पौने 2 बजे हुए इस हादसे के बाद बड़ा हादसा टल गया. साथ ही रेलवे ट्रैक पर तीन घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा. हादसे की सूचना पर उज्जैन से दूसरा डीजल इंजन बुलवाया, तब कहीं जाकर ट्रेन आगे बढ़ सकी. इस दौरान दो पैसेंजर ट्रेनों को डेढ़ से लेकर दो घंटे तक ब्यावरा व रुठियाई स्टेशन पर रोककर रखना पड़ा.
वाहन को उड़े परखच्चे,
इंजन भी क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी तेज थी कि, पिकअप वाहन के मौके पर ही परखच्चे उड़ गए. पूरा वाहन दो से तीन टुकड़ों में बंटकर दूर जा फिका. साथ ही पैसेंजर ट्रेन के इंजन का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया. आरपीएफ के अनुसार, टक्कर से इंजन का व्हील कवर, व्हील एक्सल, प्रेशर, कैटल गार्ड आदि टूटकर वहीं बिखर गए. हादसे के बाद हड़बड़ाहट में पायलट ने ट्रेन वहीं रोकी. बीच जंगल में आधी रात को हुए इस हादसे से ट्रेन में सवार यात्रियों की सांसें फूल गई. हादसे की सूचना पायलट ने सिंदूरिया स्टेशन पर दी, वहां से भोपाल कंट्रोलर को अवगत कराकर दूसरा इंजन भिजवाने कहा गया. वहीं पायलट जैस- तैसे क्षतिग्रस्त इंजन से ट्रेन को खींचकर सिंदूरिया स्टेशन तक लेकर आया.
वहीं कंट्रोलर की सूचना पर उज्जैन स्टेशन पर मौजूद दूसरा डीजल इंजन सिंदूरिया बुलवाया गया, जहां से वह ट्रेन को खींचकर ले गया. इस दौरान करीब तीन घंटे तक ट्रैक पर रेल यातायात पूरी तरह से बाधित रहा. हादसे के बाद भिंड- रतलाम घटनास्थल तो रतलाम भिंड एक्सप्रेस ट्रेन ब्यावरा स्टेशन पर खड़ी रही. उधर गुना की ओर से आ रही हिमाचल ऊना एक्सप्रेस ट्रेन को करीब डेढ़ से दो घंटे तक रुठियाई स्टेशन पर रोकना पड़ा.
