मैनेजर की त्रुटि से ग्रीन आईपीएल नीलामी में बल्लेबाज के रूप में होंगे शामिल

सिडनी 14 दिसंबर (वार्ता) ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने मंगलवार को होने वाली नीलामी में स्वयं को ऑलराउंडर की जगह बल्लेबाज के रूप में सूचीबद्ध किए जाने को अपने मैनेजर की ‘त्रुटि’ बताते हुए कहा कि वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में गेंदबाी के लिए उपलब्ध रहेंगे।

ग्रीन ने दो करोड़ रूपये के बेस प्राइस के साथ नीलामी में नाम दर्ज कराया है और बल्लेबाज के रूप में पंजीकरण कराने के कारण वह नीलामी में आने वाले पहले छह खिलाड़ियों में शामिल होंगे। ग्रीन ने बताया कि उनके मैनेजर ने पंजीकरण फॉर्म भरते समय ‘त्रुटि से गलत बॉक्स चुन लिया’ था।

उन्होंने कहा, “मैं गेंदबाजी के लिए पूरी तरह तैयार रहूंगा। मुझे नहीं पता कि मेरे मैनेजर को यह सुनकर अच्छा लगेगा या नहीं, लेकिन यह उनकी तरफ से हुई एक गलती थी। उनका इरादा ‘बल्लेबाज’ लिखने का नहीं था। शायद उन्होंने त्रुटि से गलत बॉक्स का चयन कर लिया। यह सब जिस तरह से सामने आया, वह काफी मजेदार था, लेकिन असल में यह उनकी तरफ से हुई गड़बड़ी थी।”

26 वर्षीय ग्रीन पहले मुंबई इंडियंस (2023) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (2024) के लिए खेल चुके हैं, लेकिन पीठ की सर्जरी से उबरने के कारण वह 2025 सीजन में उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने जून में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में वापसी की थी, लेकिन बाद में उन्हें गेंदबाजी की मंजूरी मिल गई और मौजूदा ऐशेज में ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें ऑलराउंडर के रूप में इस्तेमाल किया है।

उन्होंने पुष्टि की कि वह नीलामी पर नजर रखेंगे, जो तीसरे टेस्ट से एक रात पहले होगी। उन्होंने कहा कि वह यह देखने को लेकर उत्सुक हैं कि उनके नए साथी खिलाड़ी कौन होंगे। उन्होंने कहा, “मुझे यकीन है कि मैं कुछ और खिलाड़ियों के साथ इसे देखूंगा। नीलामी देखना हमेशा मज़ेदार होता है। यह एक तरह की लॉटरी होती है कि आप कहां जाएंगे और आपकी टीम में कौन होगा। इसलिए इसे देखना हमेशा दिलचस्प रहता है।”

 

Next Post

कलेक्टर ने किया एनसीएल के अमलोरी परियोजना का भ्रमण

Sun Dec 14 , 2025
सिंगरौली :कलेक्टर गौरवा बैनल द्वारा एनसीएल के अमलोरी परियोजना का भ्रमण कर परियोजना द्वारा पर्यावरण संरक्षण, खनन सुरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओ पर परियोजना के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की।बैठक के दौरान क्षेत्रिय महाप्रबंधक द्वारा परियोजनओं की प्रमुख विशेषतओं उत्पादन की स्थिति सुरक्षा व्यवस्थाओं के साथ-साथ […]

You May Like