दुकान के सेल्समैन पर चाकू से हमला

सतना: पार्किंग विवाद को लेकर एक सेल्समैन पर चाकू से हमला किया गया। यह घटना सोमवार दोपहर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के जय स्तम्भ चौक स्थित दुबई मेन्स वियर दुकान के सामने हुई। सेल्समैन ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद का बचाव किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया, हालांकि उसके हाथ में चोट आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुबई मेन्स वियर में सेल्समैन सौरभ गुप्ता कार्यरत हैं। घटना के समय महेंद्र सिंह निवासी रामना टोला नामक युवक दुकान के सामने अपनी गाड़ी पार्क कर रहा था। सौरभ ने उसे दुकान के सामने वाहन खड़ा न करने और गाड़ी हटाने के लिए कहा। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई।
विवाद बढ़ने पर आरोपी महेंद्र ने चाकू निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने सौरभ के पेट पर वार करने की कोशिश की, लेकिन सौरभ ने तुरंत हाथ से चाकू पकड़ लिया। इस प्रयास में चाकू सीधे पेट पर लगने से बच गया, हालांकि उसका हाथ जख्मी हो गया।
अस्पताल से मिली छुट्टी 
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और पुलिस को सूचना दी। सिटी कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी महेंद्र सिंह को हिरासत में ले लिया। घायल सौरभ को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Next Post

राजा तालाब में मिला युवक का शव

Tue Mar 3 , 2026
सतना: जिला के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी चौकी के डुडहा गांव स्थित राजा तालाब में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकाला।पुलिस ने शव […]

You May Like