पुरानी रंजिश में कलाई काटने वाला हमलावर चढ़ा पुलिस के हत्थे, डिजिटल पेमेंट ने खोला राज

बैतूल। जिले के चोपना थाना क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। प्रारंभ में यह मामला अज्ञात नकाबपोश द्वारा किए गए हमले का था, जिसे तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर सुलझाया गया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार एक अप्रैल को दोपहर करीब तीन बजे ग्राम शिवसागर पुलिया के पास विप्लव विश्वास और उनकी पत्नी सुशांति विश्वास पर एक नकाबपोश व्यक्ति ने धारदार हथियार ‘दाव’ से हमला कर दिया था। इस हमले में विप्लव विश्वास गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका बायां हाथ कलाई से लगभग अलग हो गया। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के दौरान सुशांति विश्वास ने साहस का परिचय देते हुए हमलावर का सामना किया और राहगीरों की मदद से अपने पति को अस्पताल पहुंचाया। उनकी शिकायत पर चोपना थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। फरियादी द्वारा हमलावर के हुलिए के आधार पर एक परिचित पर संदेह जताया गया, जिसके बाद पुलिस ने संदिग्ध प्रणव मिस्त्री (33) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते हमले की योजना बनाई थी। जांच में यह भी सामने आया कि उसने हमले में प्रयुक्त ‘दाव’ एक लोहार से खरीदा था और उसका भुगतान डिजिटल माध्यम से किया था। इसी डिजिटल लेनदेन की पुष्टि ने जांच में अहम भूमिका निभाई।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार, मोटरसाइकिल और कपड़े बरामद कर लिए हैं। घायल का उपचार भोपाल स्थित अस्पताल में जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस ने नागरिकों से विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लेने और तत्काल सूचना देने की अपील की है।

Next Post

राधाकृष्णन कल बिहार की यात्रा पर जाएंगे

Fri Apr 3 , 2026
नयी दिल्ली, 03 अप्रैल (वार्ता) उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन शनिवार को एक दिन की बिहार यात्रा पर जाएंगे। उपराष्ट्रपति सचिवालय ने शुक्रवार को बताया कि श्री राधाकृष्णन कल बिहार जाएंगे और मोतिहारी में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। श्री […]

You May Like