
सीहोर. पार्वती रेसाई बांध के सैकड़ों विस्थापित किसान मंगलवार को विधायक कार्यालय पहुंचे और विधायक सुदेश राय को परेशानी से अवगत कराया. बाद में कलेक्ट्रेट जनसनुवाई में पहुंचकर कलेक्टर बालागुरू से भी मिले. रेसाई बांध डूब पीडि़तों ने कहा कि सात साल से डूब में आए घरों की मुआवजा राशि के लिए भटक रहे हैं. विधायक सुदेश राय के प्रयास के बाद प्रशासन ने पीडि़त किसानों को प्लाट तो उपलब्ध करा दिए हैं लेकिन अब तक कॉलोनी को विकसित नहीं किया गया है. पार्वती रेसाई बांध विस्थापितों के लिए बनाई गई कॉलोनी में बिजली पानी साफ सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है. पार्वती रेसाई बांध में ग्राम रावतखेड़ा, चांदबड़, दूरगांव व अन्य ग्रामीणों की कृषि भूमि घर डूब में आ रहे है. पीडि़तों को मुआवजा राशि नहीं मिली है. विस्थापित हुए ग्रामीणों के मकान पूरी तरह से टूट चुके हैं. बारिश में रहने के लिए ग्रामीणों के पास कोई स्थान नहीं है.
विस्थापितों की कालोनी को विकसित किया जाएगा
इस मामले में विधायक सुदेश राय ने कहा कि ग्रामवासियों की परेशानियों से प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया गया है आगामी पंद्रह दिनों के अंदर रावतखेड़ा, चांदबढ़, दूरगांव के ग्रामीणों को उनकी मुआवजा राशि बैंक एकाउंट में डलवा दी जाएगी. उन्होंने कहा कि विस्थापितों के लिए बनाई गई कॉलोनी को भी विकसित कराने के लिए योजना तैयार की जा रही है किसानों को कोई परेशानी नहीं होगी. उनका कहना था कि डूब प्रभावित ग्रामीणों के साथ प्रदेश सरकार है, उनकी समस्याओं का शीघ्र ही समाधान किया जाएगा.
