
मुंबई, 19 जून (वार्ता) आईटी और बैंकिंग सेक्टर के दबाव में घरेलू शेयर बाजारों में पांच दिन की तेजी के बाद प्रमुख सूचकांकों में गिरावट देखी गयी। बीएसई का सेंसेक्स 607.08 अंक (0.78 प्रतिशत) गिरकर 76,802.90 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 154.90 अंक यानी 0.64 प्रतिशत नीचे 24,013.10 अंक पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिवस पर दोनों सूचकांक छह सप्ताह के उच्चतम स्तर पर रहे थे। अमेरिकी शेयर बाजारों में गुरुवार को आईटी कंपनियों में हुई बिकवाली का असर आज घरेलू शेयर बाजारों आईटी सेक्टर पर देखा गया। सेंसेक्स में सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाली चार कंपनियों में सभी आईटी कंपनियां हैं।
प्रमुख सूचकांकों के विपरीत वृहत बाजार में तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.10 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.42 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। आईटी सेक्टर का सूचकांक 3.65 प्रतिशत गिर गया। रियल्टी, तेल एवं गैस, बैंकिंग, वित्त, ऑटो और एफएमसीजी सेक्टरों में भी गिरावट रही। फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टरों के सूचकांक बढ़त में रहे। सेंसेक्स में इंफोसिस का शेयर साढ़े छह फीसदी से अधिक टूट गया। टीसीएस में साढ़े तीन फीसदी और एचसीएल टेक्नोलॉजीज तथा टेक महिंद्रा में ढाई फीसदी की गिरावट रही। एचडीएफसी बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर दो से ढाई प्रतिशत तक नुकसान में रहे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर एक प्रतिशत से ज्यादा फिसल गये। कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स, भारतीय स्टेट बैंक, मारुति सुजुकी, अल्ट्राटेक सीमेंट और बीईएल के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए। इटरनल का शेयर दो प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा। भारती एयरटेल, पावरग्रिड और एनटीपीसी में एक से दो प्रतिशत तक तेजी रही। टाइटन, सन फार्मा, आईटीसी, ट्रेंट, एलएंडटी, बजाज फिनसर्व और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी बढ़त में रहे।
