चित्रकूट: नगर परिषद के वार्ड क्रमांक-5 क्योटरा में बुधवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. मारपीट के दौरान लाठी-डंडों के वार से गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय बुजुर्ग पुरुषोत्तम निषाद की इलाज के दौरान सतना में मौत हो गई. घटना के बाद भागने की फिराक में लगे आरोपी पिता और उसके तीन बेटों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्योटरा निवासी दो परिवारों के मध्य लंबे समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार को यह विवाद अचानक उग्र हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी के बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे.
इस हिंसक झड़प में एक पक्ष के पुरुषोत्तम निषाद (65), चुन्नू लाल (34), पंचा निषाद और बिहारीलाल निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल जानकीकुंडी अस्पताल में भर्ती कराया.जानकीकुंडी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पुरुषोत्तम निषाद और बिहारीलाल की बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सतना रेफर कर दिया. सिर में आई गंभीर चोट के कारण उपचार के दौरान पुरुषोत्तम निषाद ने दम तोड़ दिया. बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही पुलिस ने मामले में हत्या की धारा (धारा 103, बीएनएस) दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
घेराबंदी कर भाग रहे आरोपियों को दबोचा
घटना के बाद आरोपी श्यामलाल निषाद (65) और उसके तीन पुत्र—अच्छेलाल (23), मूलचंद्र (24) तथा फूलचंद्र (22)—चार पहिया वाहन से फरार होने की कोशिश कर रहे थे। मुखबिर की सटीक सूचना पर सिविल लाइन पुलिस ने गढ़िया टोला के पास घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया
