
मोकी, (चीन), 08 सितंबर (वार्ता मौजूदा चैंपियन भारतीय महिला टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मंगलवार को एशियन जूनियर हॉकी टूर्नामेंट में जापान को 7-0 से करारी शिकस्त दी और क्वार्टर फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस शानदार जीत के साथ भारत ने एलीट ग्रुप में अपना परफेक्ट रिकॉर्ड बनाए रखा और अंतिम आठ टीमों के दौर में अपनी जगह सुरक्षित कर ली।
कोरिया के खिलाफ़ 4-1 की जीत और फिर मलेशिया को 11-1 से हराने के बाद, भारत ने जापान के खिलाफ़ भी अपना आक्रामक खेल जारी रखा और शुरुआत से ही मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा।
यह मैच पूरी तरह से भारत के पक्ष में रहा। उन्होंने लगातार अंतराल पर गोल करके अपने प्रतिद्वंद्वी को पीछे छोड़ दिया। कृष्णा शर्मा ने पांचवें मिनट में खाता खोला, चार मिनट बाद सुप्रिया ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला और 14वें मिनट में पूर्णिमा यादव के गोल के साथ भारत ने पहले क्वार्टर में 3-0 की बढ़त बना ली।
दूसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ। जापान ने दूसरे क्वार्टर में आक्रामक इरादे के साथ वापसी का प्रयास किया। जबकि भारत अपनी बढ़त को और बढ़ाने के मौके तलाशता रहा। हालांकि, कोई भी टीम स्कोर में इजाफा नहीं कर सकी और भारत हाफ-टाइम ब्रेक में 3-0 की आरामदायक बढ़त के साथ गया।
दूसरे क्वार्टर की तरह, जापान ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत भी नए आक्रामक इरादे के साथ की और गोल करने की कोशिश की। लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति उन्हें विफल कर दिया। एक बार जब भारत ने अपनी गति बढ़ाई और पांच मिनट के भीतर तीन गोल किए, तो मौजूदा चैंपियन ने प्रतिद्वंद्वी की वापसी की सभी उम्मीदें खत्म कर दीं। गीता यादव ने 41वें और 45वें मिनट में दो गोल करके बढ़त को 5-0 कर दिया, और फिर अगले ही मिनट पूर्णिमा यादव ने एक और गोल किया। आखिरी क्वार्टर में, भारत ने जापानी डिफेंस पर दबाव बनाए रखा और 50वें मिनट में सानिका चंद्रकांत के गोल के साथ एक शानदार जीत पक्की की। तीन मैचों में नौ अंकों के साथ, भारत अभी एलीट पूल में शीर्ष पर है। पूल में शीर्ष स्थान तय करने के लिए वे कल अपने आखिरी लीग मैच में चीन (छह अंकों के साथ) का सामना करेंगे।