जबलपुर: अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस पर प्रेमनगर स्थित शिव उपहार भवन में ब्रह्माकुमारीज द्वारा विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। माउंट आबू से पधारे वरिष्ठ राजयोगी ब्रह्माकुमार देवांग भाई एवं ब्रह्माकुमार परमेश्वर भाई का सानिध्य रहा। देवांग भाई ने कहा कि परिस्थितियां हमेशा अनुकूल हों, यह जरूरी नहीं, लेकिन राजयोग के अभ्यास से मन को शांत, स्थिर और शक्तिशाली बनाया जा सकता है। परमात्म स्मृति, सकारात्मक चिंतन और साक्षी भाव से तनाव व चिंता से मुक्त होकर सही निर्णय लेने की शक्ति मिलती है। ब्रह्माकुमारी विमला दीदी ने कहा कि वास्तविक शांति बाहरी वातावरण में नहीं, बल्कि मन की अवस्था में जन्म लेती है। नियमित राजयोग से धैर्य, सकारात्मकता और आत्मिक शक्ति बढ़ती है, जिसका प्रभाव परिवार से लेकर समाज और विश्व तक पहुंचता है। कार्यक्रम के अंत में बड़ी संख्या में उपस्थित भाई-बहनों ने विश्व में शांति, प्रेम और सद्भाव की स्थापना का संकल्प लेकर सामूहिक राजयोग का अभ्यास किया।
