क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बिग बैश में निजी निवेश के लिए आधिकारिक तौर पर दरवाजे खोले

सिडनी, 08 सितंबर (वार्ता) क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने मंगलवार को बिग बैश लीग (बीबीएल) और महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) में निजी निवेश लाने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इसके तहत मेलबर्न रेनेगेड्स बिक्री की प्रक्रिया से गुजरने वाला पहला क्लब बनने जा रहा है। सीए ने रेनेगेड्स के लिए निजी निवेशकों से बोलियां आमंत्रित करेगा। ताकि क्लब 2027-28 सीज़न में नए मालिक के साथ खेल सके। इस कदम से दूसरे बीबीएल क्लबों के लिए भी रास्ता खुल सकता है, हालांकि आगे की बिक्री पर ‘सेल्फ़-डिटरमिनेशन मॉडल’ (खुद फैसला लेने का मॉडल) के तहत विचार किया जाएगा, जिसमें हर राज्य का सदस्य अपने क्लब और समुदाय के लिए सबसे अच्छा रास्ता तय कर सकता है।

इस अवसर पर सीए के चेयरमैन माइक बेयर्ड ने कहा, “क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और उसके राज्य सदस्य बीबीएल और डब्ल्यूबीबीएल में निवेश करने और उन्हें बढ़ाने, साथ ही हर स्तर पर क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट हैं। बिग बैश लीग में निजी निवेश के लिए दरवाजे खोलकर, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया खेल के लंबे समय के भविष्य को मजबूत और सुरक्षित करने की दिशा में एक सोच-समझकर उठाया गया कदम उठा रहा है। रेनेगेड्स के लिए बिक्री की प्रक्रिया शुरू करने से हमें अपने सदस्यों के लिए ‘सेल्फ़-डिटरमिनेशन मॉडल’ की दिशा में पहला कदम उठाने का मौका मिलता है और यह खेल के लिए एक अहम पल है।”

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने साफ़ तौर पर कहा कि बोर्ड और उसके राज्य सदस्य ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट से जुड़े अहम मामलों पर काफ़ी हद तक अपना कंट्रोल बनाए रखेंगे। बेयर्ड ने कहा, “अहम बात यह है कि सीए और उसके सदस्य ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के कामकाज के सबसे ज़रूरी पहलुओं पर कंट्रोल बनाए रखेंगे। इनमें इंटरनेशनल मैचों का शेड्यूल, खिलाड़ियों की उपलब्धता, बिग बैश लीग में सैलरी की सीमा, ब्रांडिंग से जुड़े प्रस्ताव, लीग चलाने के लाइसेंस के लिए जरूरी रिजर्व प्राइस और निवेशकों को मंजूरी देना शामिल है।”

उन्होंने कहा, “यह एक अहम फैसला है, जिसके लिए कई महीनों तक काफ़ी एनालिसिस, बातचीत और सहयोग किया गया है। मैं इसमें शामिल सभी लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। हम उस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं जो हमें लगता है कि इस देश में क्रिकेट के भविष्य को सुरक्षित करने, बिग बैश को मजबूत करने और ग्लोबल लेवल पर अपनी स्थिति को बेहतर बनाने का सबसे अच्छा तरीका है।”

.....

Next Post

अभिषेक की अमृतसर सूरमास ने गिल की फाजिल्का फाल्कन्स को चार विकेट से हराया

Tue Sep 8 , 2026
मोहाली, 08 सितंबर (वार्ता) अमृतसर सूरमास ने मोहाली के आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम में पंजाब किंग्स द्वारा प्रायोजित ‘मैनकाइंड फार्मा शेर-ए-पंजाब T20 लीग’ में फाजिल्का फाल्कन्स को चार विकेट से हराया और सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए, फाजिल्का फाल्कन्स ने अपने 20 ओवरों में […]

You May Like