सीहोर। दर्शन अकादमी द्वारा आयोजित नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों के सम्मान समारोह में नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया. इस अवसर पर विद्यार्थियों के परिजनों एवं शिक्षकों का भी अभिनंदन किया गया.
दर्शन अकादमी के संचालक ओमप्रकाश मेवाड़ा और ऋ षि मीणा ने संस्था की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी साझा की. नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नीट जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का गौरव है. इन विद्यार्थियों ने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से यह सिद्ध किया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती. शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज और राष्ट्र को नई दिशा देता है तथा आज के युवा ही विकसित भारत के सशक्त निर्माता बनने वाले हैं.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में शिक्षा, नवाचार और युवाओं के कौशल विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है. नई शिक्षा नीति के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है. ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान करना समाज के लिए प्रेरणा का विषय है, क्योंकि इससे अन्य युवाओं को भी आगे बढऩे की प्रेरणा मिलती है.
