
उज्जैन। क्रेशर स्टोन मशीन की शिफ्टिंग के लिए बिहार से आया इंजीनियर 5 दिन पहले लापता हो गया था। जिसकी लाश शनिवार सुबह सडक़ किनारे पुलिया के पास सूखे गड्ढे में पड़ी मिली। लाश को जानवरों ने नोंच लिया था जिसके चलते लाश क्षत-विक्षत हालत में हो चुकी थी। पुलिस में दुर्घटना की आशंका जताई है मामले में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है।
नरवर थाना पुलिस ने बताया कि सुबह ग्राम केसुनी के सुनसान मार्ग पर सूखे नालेनुमा गड्ढे से दुर्गंध आने पर कुछ लोगों ने देखा तो एक्टिवा सहित एक युवक का कंकाल पड़ा होना सामने आया। मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बल्लू मंडलोई टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। मृतक की बॉडी बाहर निकाली गई। मृतक की पहचान संजीव पिता सुधीर पंडित निवासी नालंदा बिहार के रूप में हुई। मृतक पिछले 5 दिन से लापता था। जिसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। थाना प्रभारी के अनुसार मामला सडक़ दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है एक्टिवा से गुजरते समय ग्रामीण क्षेत्र के मार्ग पर अज्ञात वाहन द्वारा संभवत टक्कर मारी गई होगी जिसके चलते एक्टिवा सहित सूखे नाले में गिरने से मौत हुई है। शव पांच दिन पुराना होने और गर्मी बारिश की वजह से उसकी त्वचा झुलस गई थी। साथ ही जानवरों द्वारा शव को क्षत-विक्षत किया गया है जिसके चलते कंकाल के रूप में तब्दील हो चुका था। पुलिस के अनुसार मृतक पिपलोदा द्वारकाधीश में कुलदीप के यहां गिट्टी खदान पर इंजीनियरिंग का काम करने आया था। जानकारी सामने आई है कि गिट्टी खदान पर मशीन को शिफ्ट किया जाना था जिसके चलते उसे 30 मई को बुलाया गया था। लेकिन वह लापता हो गया था। संजीव के लापता होने और परिजनों से संपर्क नहीं होने पर परिवार के लोग भी उज्जैन पहुंच गए थे। परिजनों ने ही उसकी 3 जून को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। फिलहाल मामले में मर्ग कायम किया गया है शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पाएगी।
