अशरफ अली
भोपाल: राजधानी भोपाल में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर आज सुबह से ही श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। शहर के प्रमुख मंदिरों और सड़कों पर भगवान शिव की आराधना के साथ विशेष सजावट के साथ आकर्षक पूजा पंडाल लगे है। जगह-जगह भक्तों की भीड़ उमड़ रही है और शिवालयों में पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक तथा भजन-कीर्तन का दौर जारी है। इसी क्रम में बिड़ला मंदिर से भव्य शिव बारात धूमधाम के साथ निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
बारात में ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। युवाओं के साथ-साथ महिलाएं और बच्चे भी भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक शामिल हुए। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती शिव बारात ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया, वहीं सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन भी मुस्तैद नजर आये।
