ग्वालियर: अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में ऐतिहासिक निर्णय लेकर कुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन को सर्वसम्मति से भगवान का दर्जा दिया गया। इस बैठक में देशभर के सभी राज्यों से राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी सहित लगभग 300 से अधिक प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। समाज से जुड़े विभिन्न ज्वलंत विषयों पर गंभीर मंथन हुआ।
ग्वालियर से मध्य प्रदेश राज्य इकाई के अध्यक्ष डॉ. राकेश अग्रवाल एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष दिलीप अग्रवाल ने बैठक में सहभागिता की और मध्य प्रदेश की ओर से समाजहित के सुझाव प्रस्तुत किए। प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राकेश अग्रवाल ने बताया कि बैठक में समाज के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक उत्थान को ध्यान में रखते हुए 11 सूत्रीय वार्षिक कार्यक्रम को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके अंतर्गत कुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन को भगवान का दर्जा देने का निर्णय लिया गया। प्रस्ताव में कहा गया कि महाराजा अग्रसेन कोई सामान्य पुरुष नहीं थे, बल्कि वे धर्म, न्याय और मानवता के प्रतीक युगपुरुष थे।
