जबलपुर: अधारताल थाना अंतर्गत जय प्रकाश नगर में सोमवार शाम एक बेकाबू तेज रफ्तार कार ने सडक़ किनारे चाय और फल के ठेले पर घुस गई इसके बाद एक मोबाइल दुकान में जाकर रूक गई। कार ने तांड़व मचाते हुए रास्ते में आए राहगीरों, टू-व्हीलर्स को भी कुचला। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है जहां चार की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना से गुस्साएं लोगों ने कार में जमकर तोडफ़ोड़ की। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को जब्त किया और चालक को हिरासत में ले लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जय प्रकाश नगर में अचानक एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई। कार की गति इतनी अधिक थी कि वह सडक़ किनारे लगे फल और चाय के ठेले में जा घुसी, जहां कई ग्राहक खड़े थे। कार रास्ते में आने वाले लोगों और दोपहिया वाहनों को रौंदती हुई आगे बढ़ गई। अंत में कार सडक़ किनारे स्थित एक मोबाइल दुकान के सामने रुकी। इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में सात लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को संभाला और एम्बुलेंस व निजी वाहनों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद राहगीरों का आक्रोश फूट पड़ा और भीड़ ने दुर्घटनाकारी कार को चारों तरफ से घेर लिया और उसमें जमकर तोडफ़ोड़ की। कार के कांच और अन्य हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिए गए। माहौल बिगड़ता देख तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सूझबूझ से काम लेते हुए भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से निकालकर कार चालक को अपनी कस्टडी में लिया और वाहन को जब्त कर थाने भिजवाया।
ब्रेक की जगह दबा एक्सीलेटर, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस की प्रारंभिक जांच और चालक से शुरुआती पूछताछ के अनुसार, बेकाबू होने से ठीक पहले कार चालक एक अन्य वाहन से बचना चाह रहा था इसी दौरान चालक हड़बड़ा गया। वह घबराहट में गाड़ी को रोकने के लिए ब्रेक दबाना चाहता था, लेकिन धोखे से उसका पैर एक्सीलेटर पर पड़ गया। एक्सीलेटर दबते ही कार अचानक अत्यधिक रफ्तार पकडक़र आउट ऑफ कंट्रोल हो गई और यह दर्दनाक हादसा घटित हो गया। पुलिस फिलहाल जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है
