एक साल से अधूरा पड़ा सड़क निर्माण कार्य, स्थानीय रहवासी परेशान

इंदौर: शहर के बर्फानी धाम क्षेत्र में पिछले लगभग एक वर्ष से चल रहा सड़क निर्माण कार्य स्थानीय रहवासियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। निर्माण कार्य की धीमी गति के चलते सड़क जगह-जगह से खोदी हुई है, खुले चेंबर और गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे आमजन को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होने के कारण पूरे क्षेत्र में अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। रहवासियों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को इस संबंध में शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय निवासी बृजेश कुमार सैनी ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य के कारण घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। बच्चों को स्कूल भेजते समय विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है क्योंकि सड़क पर खुले गड्ढे और चेंबर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में उनके घर के सामने का हिस्सा भी तोड़ दिया गया था। इसके बाद उन्होंने कई बार सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।

वहीं, स्थानीय निवासी दीपसिंह पंवार ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य बारिश शुरू होने से पहले ही पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण काम अब तक अधूरा पड़ा है। इसका खामियाजा क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजाना भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है।

रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए, खुले चेंबर और गड्ढों को तत्काल बंद किया जाए तथा निर्माण कार्य में तेजी लाकर लोगों को राहत प्रदान की जाए।

Next Post

नवलखा चौराहे पर जर्जर सड़क बनी परेशानी का कारण, गड्ढों से वाहन चालकों की बढ़ी मुश्किलें

Mon Jul 13 , 2026
इंदौर: शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख चौराहों में शामिल नवलखा चौराहा इन दिनों जर्जर सड़क और गहरे गड्ढों के कारण लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति के चलते वाहन चालकों और आम […]

You May Like

Play sound