
इंदौर/महू. जमीन के नाम पर फर्जीवाड़ा कर लाखों रुपये ऐंठने का मामला महू क्षेत्र से सामने आया है. आरोपियों ने ग्राम आंबा चंदन स्थित एक जमीन को अपनी बताकर प्लॉट का सौदा किया और फर्जी कॉलोनी विकसित करने का झांसा देकर पीड़ित से करीब 30 लाख 91 हजार 600 रुपये वसूल लिए. महू पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी एवं साजिश का प्रकरण दर्ज किया है.
पुलिस के मुताबिक फरियादी किशोर परिहार की शिकायत पर आरोपी विकास परमार निवासी असरावद खुर्द, तेजाजी नगर तथा गजेंद्र मंडलोई निवासी ग्राम दतोदा, सिमरोल के खिलाफ मामला दर्ज किया है. शिकायत में बताया गया कि दिसंबर 2023 में आरोपियों ने आंबा चंदन स्थित एक जमीन दिखाकर दावा किया था कि उक्त भूमि उनकी है और वहां कॉलोनी विकसित की जा रही है. आरोपियों के झांसे में आकर फरियादी ने प्लॉट के लिए एग्रीमेंट किया और अलग-अलग किश्तों में 30,91,600 रुपये का भुगतान कर दिया. बाद में जांच करने पर सामने आया कि संबंधित जमीन आरोपियों के नाम पर नहीं है और न ही वहां कॉलोनी विकसित करने की कोई वैधानिक अनुमति है. पीड़ित द्वारा रुपये वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे. पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद प्रकरण दर्ज कर लिया है. दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.
