
जबलपुर। समदड़िया मॉल स्थित रिलायंस स्टोर में कर्मचारियों की दबंगई देखने मिली। एक महिला ग्राहक के साथ अभद्रता बदसलूकी कर कर्मचारियों ने जबरन तलाशी लेकर आत्मसम्मान को ठेस पहुँचाई। पीड़ित महिला ने ओमती थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी अनुसार नेपियर टाउन निवासी नीलू अग्रवाल ने ओमती पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सिविक सेंटर स्थित समदड़िया मॉल के रिलायंस स्टोर में कपड़े
खरीदने गई थीं। खरीदारी के दौरान कुछ पसंद न आने पर जब वह स्टोर से बाहर निकलने लगीं, तो गेट पर लगा सिक्योरिटी अलार्म बज उठा।
महिला का आरोप है कि अलार्म बजते ही वहां मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें रोक लिया और तलाशी की बात कही। पीड़िता के अनुसार उन्होंने पूरा सहयोग किया और अपने बैग की जांच कराई, जिसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसके बावजूद कर्मचारी उन्हें जबरन चेंजिंग रूम के अंदर ले गए और उनकी पूरी तलाशी ली गई। इस दौरान भी उनके पास से कोई चोरी की वस्तु बरामद नहीं हुई।
जो करना है कर लो, कुछ नहीं बिगाड़ सकती-
पीड़िता ने जब अलार्म के खराब होने की शिकायत की और अपमानजनक व्यवहार पर आपत्ति जताई, तो स्टोर स्टाफ और अधिकारियों ने माफी मांगने के बजाय बदतमीजी की। महिला ने पुलिस में शिकायत की बात कही, तो कर्मचारियों ने गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाया और कहा, जो बन सके कर लो, तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। इस घटना से आहत होकर नीलू अग्रवाल ने ओमती थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
