बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत,एक गंभीर


​ग्वालियर : पिछोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटारे बाबा मंदिर के पास रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार, अनियंत्रित लोडिंग बोलेरो ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस घेराबंदी देखकर वह जंगल में छोड़कर भाग निकला।

​ जानकारी के अनुसार गिजौरा निवासी रामप्रकाश रजक, सुभाष रजक और मनीराम रजक किसी काम से डबरा आए थे। रविवार की सुबह अपना काम खत्म कर तीनों एक ही बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पिछोर रोड पर कटारे बाबा मंदिर के समीप सामने से आ रही सफेद रंग की लोडिंग बोलेरो के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवार हवा में उछलकर काफी दूर सड़क पर जा गिरे। सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण रामप्रकाश और सुभाष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मनीराम लहूलुहान होकर तड़पने लगा।

​हादसे की सूचना मिलते ही पिछोर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मनीराम को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी पहुंचाया गया।​घटना के बाद आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जिले भर में नाकाबंदी कराई। पुलिस की सख्त घेराबंदी देखकर आरोपी चालक पिछोर के पास जंगल में अपना वाहन छोड़कर भागने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपी की लोडिंग बोलेरो को जब्त कर लिया है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

इनका कहना है..
​”लोडिंग वाहन की टक्कर से दो युवकों की असमय मौत हुई है और एक अन्य घायल है, जिसका उपचार जारी है। आरोपी चालक वारदात के बाद फरार हो गया है, हालांकि उसका वाहन पुलिस ने जब्त कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
​— जयराज कुबेर, एएसपी

Next Post

अमेरिका-ईरान समझौते से पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता की उम्मीद: मोदी

Mon Jun 15 , 2026
नयी दिल्ली 15 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम एशिया में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में अमेरिका और ईरान के बीच बनी सहमति का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में शांति और स्थिरता कायम होगी। श्री मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में […]

You May Like