ठगों का नया हथकंडा: गंदे वीडियो के झूठे केस में फंसाकर सीबीआई के नाम पर वसूली

भोपाल। राजधानी में साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से लोगों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चपत लगा दी. बिजली बिल अपडेट कराने के नाम पर लिंक भेजकर क्रेडिट कार्ड से रकम निकाल ली गई, तो कहीं मोबाइल हैक कर बैंक खातों से पैसे पार कर दिए गए. ठगों ने सीबीआई और साइबर पुलिस अधिकारी बनकर एक व्यक्ति को अश्लील वीडियो देखने के मामले में फंसाने की धमकी दी और 49 हजार रुपये वसूल लिए. शहर के अलग-अलग थानों में सामने आए नौ मामलों में ठगों ने करीब 7.53 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है. सबसे चौंकाने वाला मामला रातीबड़ का है. यहां जयराम तोमर को फोन कर खुद को सीबीआई और साइबर पुलिस अधिकारी बताने वाले ठगों ने अश्लील वीडियो देखने के मामले में कार्रवाई की धमकी दी. केस से बचाने के नाम पर पहले 16 हजार 700 रुपये और फिर अलग-अलग किस्तों में कुल 49 हजार 200 रुपये ट्रांसफर करा लिए. बाद में आरोपियों ने 20 हजार रुपये और मांगे तथा व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक संदेश भेजे. हनुमानगंज थाना क्षेत्र की न्यू सिंधी कॉलोनी निवासी उमेश परयानी को 2 नवंबर को व्हाट्सएप पर एमपीईबी बिजली बिल अपडेट करने की लिंक मिली. लिंक डाउनलोड करने के बाद एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि बिल अपडेट नहीं हुआ है और 200 रुपये जमा करने होंगे. उमेश ने क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने की कोशिश की, लेकिन भुगतान असफल हो गया. इसके बाद उनके कार्ड से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 1 लाख 96 हजार 73 रुपये निकाल लिए गए. कोहेफिजा थाना क्षेत्र में दो लोगों के बैंक खातों से 1 लाख 81 हजार 812 रुपये निकालने के मामले सामने आए. लालघाटी निवासी हरीश मोटवानी के एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों से तीन ट्रांजेक्शन में 1 लाख 50 हजार 910 रुपये निकाल लिए गए. वहीं दाता कॉलोनी निवासी शिक्षक अंकित सिंह के कोटक महिंद्रा और एसबीआई खातों से 30 हजार 902 रुपये की रकम गायब हो गई.उन्होंने बताया कि मोबाइल पर फ्लिपकार्ट और बैंक के नाम से कई ओटीपी संदेश आए थे, जिन्हें उन्होंने डिलीट कर दिया था.

शिक्षक को भी बनाया निशाना

निशातपुरा क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक संजय कुमार माछीवाल के खाते से चार ट्रांजेक्शन में 1 लाख 65 हजार 799 रुपये निकाल लिए गए. वहीं निर्भय सिंह रघुवंशी के बैंक ऑफ बड़ौदा और पंजाब एंड सिंध बैंक के खातों से 53 हजार 600 रुपये ट्रांसफर कर लिए गए. पिपलानी क्षेत्र में बीएचईएल कर्मचारी जॉन अंजित इक्का के तीन बैंक खातों से यूपीआई के जरिए 52 हजार 998 रुपये निकाल लिए गए। उनका मोबाइल अचानक अपडेट मोड पर चला गया था. रातीबड़ में ही ज्योतिषाचार्य राजीव कुमार पाठक के मोबाइल पर ऑनलाइन भुगतान के बाद 58 हजार रुपये गायब मिले.

 

 

Next Post

मास्टर प्लान-2047 की सुनवाई में हंगामा: वेस्टर्न बायपास पर भिड़े विधायक रामेश्वर शर्मा और पूर्व कमिश्नर कियावत

Tue Nov 17 , 2026
भोपाल। मास्टर प्लान-2047 की आपत्तियों पर सुनवाई के पहले ही दिन शहर के विकास की दिशा को लेकर अलग-अलग पक्ष आमने-सामने आ गए। सोमवार को लालघाटी स्थित हुजूर तहसील कार्यालय में हुई सुनवाई के दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा और पूर्व आईएएस व भोपाल आयुक्त कवीन्द्र कियावत के बीच वेस्टर्न बायपास […]

You May Like