
रीवा, रीवा शहर के रिहायशी इलाकों में नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से संचालित हो रही फैक्ट्रियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने कार्रवाई की.सोमवार को विभाग की टीम ने अशोक नगर क्षेत्र में स्थित कई रिहायशी मकानों में दबिश दी, जहाँ बिना किसी वैध लाइसेंस और साफ-सफाई के बड़े पैमाने पर मिठाइयाँ, फुल्की और अन्य खाद्य सामग्रियां बनाई जा रही थीं. कार्रवाई के दौरान फैक्ट्रियों में भारी अनियमितताएं और गंदगी पाई गई, जिसके बाद टीम ने सैंपल्स जब्त कर जांच के लिए भेजे हैं.
जांच में सामने आया है कि अशोक नगर के भीतर आधा दर्जन से अधिक ऐसे घर हैं, जिन्हें अवैध रूप से फैक्ट्रियों में तब्दील कर दिया गया है. इन तंग और रिहायशी मकानों में तैयार होने वाली मिठाइयां और फुल्की शहर के बड़े और नामचीन प्रतिष्ठानों व दुकानों में सप्लाई की जाती हैं. मामले की जानकारी देते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरीश दुबे ने बताया कि अशोक नगर में संचालित इन अवैध इकाइयों से खाद्य सामग्रियों के नमूने लिए गए हैं. इन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जा रहा है. जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे. महाकाल मिष्ठान धोबिया टंकी के निर्माण कारखाने में जांच के दौरान मैदा 10 बोरी व कलर पाया गया. मगज के लड्डू के निर्माण में मैदा व कलर की मिलावट की आशंका होने से सैम्पल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है.
