
घोड़ाडोंगरी। सामूहिक विवाह/निकाह समारोह की खुशियां उस समय अफरा-तफरी में बदल गईं, जब बैंड-बाजे की गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई और दूल्हों के ऊपर चढ़ गई। इस दर्दनाक हादसे में दूल्हा समेत तीन लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुलताई क्षेत्र के बोहन खापा निवासी 25 वर्षीय दूल्हा अनुल सरोदे के पेट के ऊपर से गाड़ी का टायर गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं उसके कजिन भाई राहुल सरोदे के पैर में फ्रैक्चर हो गया। एक अन्य दूल्हा भी इस हादसे में चोटिल हुआ है।
घायलों को तुरंत घोड़ाडोंगरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अनुल सरोदे और राहुल सरोदे की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि हादसा उस वक्त हुआ, जब बैंड-बाजे की गाड़ी भीड़ के बीच से गुजर रही थी और अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा। घटना के बाद समारोह स्थल पर हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने आयोजन में सुरक्षा इंतजामों की कमी पर सवाल उठाए हैं और इस हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।
