नीमच:ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच परिसर में मध्य प्रदेश सेक्टर, सीआरपीएफ भोपाल के अधीनस्थ प्रशासनिक एवं परिचालनिक बटालियनों और कार्यालयों के बीच आयोजित हॉकी प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हुआ। 12 अक्टूबर से शुरू हुई प्रतियोगिता में विभिन्न ग्रुप केंद्रों और बटालियनों के खिलाडिय़ों ने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में 41वीं बटालियन ने 107 द्रुत कार्य बल को हराकर चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता में ग्रुप केंद्र नीमच, भोपाल और ग्वालियर के साथ 1, 7, 41, 123 और 148वीं बटालियन तथा 107 द्रुत कार्य बल के जवानों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खिलाडिय़ों ने आक्रामक खेल और शानदार तालमेल का प्रदर्शन किया। अंतत: 41वीं बटालियन के खिलाडिय़ों ने निर्णायक गोल कर जीत हासिल की, जबकि 107 द्रुत कार्य बल की टीम उपविजेता रही।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि ग्रुप केंद्र नीमच के कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ अनुशासन, टीम भावना और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए विजेता एवं उपविजेता टीम को बधाई दी।प्रतियोगिता का आयोजन ग्रुप केंद्र नीमच के उप महानिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में किया गया। समापन अवसर पर प्रथम बटालियन, ग्रुप केंद्र नीमच के द्वितीय कमान अधिकारी संजीव शर्मा, उप कमांडेंट कबीर सरीन, उप कमांडेंट शैलेन्द्र थोरेचा सहित अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
