बीमा पॉलिसी दिलाने के नाम पर बुजुर्ग से 14.61 लाख की साइबर ठगी

इंदौर. मंगल नगर में रहने वाले 62 वर्षीय बुजुर्ग को बीमा पॉलिसी का पैसा दिलाने का झांसा देकर ठगों ने 14 लाख 61 हजार रुपए हड़प लिए. पीड़ित की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

शिकायतकर्ता करण सिंह चौहान ने पुलिस को बताया कि उन्हें एक महिला का कॉल आया, जिसने खुद को मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी की कर्मचारी भावना बताया. उसने कहा कि उनकी एजेंट ने लिखित में कंपनी को सूचित किया है कि उन्हें पॉलिसी का पैसा नहीं चाहिए, इस पर करण सिंह ने आपत्ति जताई. महिला ने एजेंट के खिलाफ शिकायत कराने का भरोसा दिलाया और कुछ ही देर बाद एक अन्य कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को कंपनी का मैनेजर बताया और फिर उनकी बात एक कथित सीनियर मैनेजर “पीसी कोठारी” से कराई. इन लोगों ने लगातार कॉल कर भरोसा दिलाया कि वे पॉलिसी की राशि उन्हें दिलवा देंगे. बेटी के इलाज के लिए पैसों की जरूरत होने पर करण सिंह उनके झांसे में आ गए. आरोपियों ने पीएम राहत कोष और इंश्योरेंस पॉलिसी की रकम दिलाने का हवाला देकर अलग-अलग खातों में 14 लाख 61 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए. कुछ समय बाद जब पीड़ित ने पैसों के संबंध में पूछताछ शुरू की तो आरोपियों ने कॉल उठाना बंद कर दिया. इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ. क्राइम ब्रांच ने करण सिंह की शिकायत पर महेंद्र और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपियों के मोबाइल नंबर, बैंक खातों और साइबर ट्रांजेक्शनों की जांच कर रही है.

Next Post

शिलांग पुलिस फिर पहुंची इंदौर, जेल रोड से खरीदे मोबाइल से बनी थी हत्या की ब्लूप्रिंट

Wed Aug 20 , 2025
इंदौर. राजा रघुवंशी हत्याकांड में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए-नए खुलासे हो रहे हैं. ताजा जानकारी के मुताबिक, हत्या की साजिश रचने के लिए राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी और उसके प्रेमी राज कुशवाह ने जेल रोड से नए मोबाइल खरीदे थे. इन्हीं मोबाइल से दोनों के बीच […]

You May Like