हैदराबाद, 14 अक्टूबर (वार्ता) शाई होप (नाबाद 102) ने आखिरी दो गेंदों पर छक्के लगाते हुए अपना शतक पूरा किया जिसकी बदौलत वेस्ट इंडीज ने भारत के खिलाफ चौथे टी 20 में बुधवार को तीन विकेट पर 247 रन का मजबूत स्कोर बना लिया।
होप की शतकीय पारी की बदौलत वेस्टइंडीज़ ने एक बल्लेबाज़ी वाली सतह पर भारत के सामने 248 का लक्ष्य रखा । होप ने इस दौरे का अपना चौथा शतक बनाया। टी 20 में होप का यह तीसरा शतक है और ऐसा करते हुए वह वेस्टइंडीज़ की ओर इस प्रारूप में सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ने वाले बल्लेबाज़ हो गए हैं और उन्होंने एविन लुईस और क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया है। होप ने 50 गेंदों में नाबाद 102 रन में चार चौके और नौ छक्के लगाए। उन्होंने पारी की आखिरी दो गेंदों में छक्के मारकर अपना रिकॉर्डतोड़ शतक पूरा किया।
टॉस के दौरान दोनों ही कप्तान पूरी तरह से आश्वस्त नहीं थे कि यह पिच कैसा खेलेगी लेकिन पिच अब तक बल्लेबाज़ी के लिए काफ़ी अनुकूल नज़र आई है। होप शुरू से लेकर अंत तक डटे रहे। होप ने पहले ऐंड्रूयू और फिर हेटमायर के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की, इसके बाद पॉवेल के साथ उन्होंने 46 रनों की साझेदारी की और अंत में शरफ़ेन रदरफ़ोर्ड के साथ उन्होंने 91 रनों की साझेदारी की। वेस्टइंडीज़ ने 12वें ओवर में ही 150 के आंकड़े को छू लिया था लेकिन बाद में भारतीय गेंदबाज़ों ने वेस्टइंडीज़ की बल्लेबाज़ी को धीमा किया। हालांकि वे बहुत देर तक वेस्टइंडीज़ के बल्लेबाज़ों को बांधे नहीं रख सके। आखिरी पांच ओवरों में वेस्ट इंडीज ने 70 रन ठोके। रदरफोर्ड ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन में चार चौके और तीन छक्के लगाए।
