
सिंगरौली । नगर पालिक निगम सिंगरौली के सीवर लाइन रहवासियों एवं राहगीरो के लिए मुसीबत कर सामने खड़़ी हो गई है। आलम यह है कि सीवर लाइन एक नही कई जगह धसकी हुई है। अब सीवर लाइन संविदाकार के खिलाफ मोहल्लेवासियों के साथ-साथ पार्षद भी अपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किये जाने की मांग शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 38,39 से लेकर 42 तक के कई मोहल्लो के सीवर लाइन बारिश होते ही धसक रही है। कॉन्वेंट एलआईजी मार्ग देवरा तिराहा, शांति ग्राम टाउनशिप सबसे बड़ा उदाहरण है। जहां सीवर लाइन जगह-जगह धस गई हैं और छोटे-बड़े वाहनों का निकलना मुश्किल हो रहा है। मोहल्लेवासी संविदाकार के विरूद्ध एफआईआर कराने की मांग शुरू कर दिये हैं। पार्षदो का कहना है कि अनुबंध के अनुसार ठेकेदार सड़क को ठीक नही कर रहा है। सरिया का उपयोग एक जगह भी नही किया गया है। कार्य के नाम पर केवल लीपापोती कर रहा है,जहां बारिश में सीवर लाइन का पोल खुल जा रहा है।
विधायक ने कहा सीवर लाइन का कार्य तेजी से पूर्ण हो
सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने बताया कि बीते दिन कल गुरूवार को रीवा में अतिरिक्त मुख्य सचिव केसी गुप्ता के अध्यक्षता में संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। जहां सीवरेज लाइन को लेकर बात रखी गई है और बताया गया है कि सीवर लाइन के चलते सड़क तहस-नहस हो गई हैं और कार्य भी तेजी से नही चल रहा है और सीवर लाइन की तरह-तरह की शिकायते मिल रही हैं, इन कमियों को तत्काल ठीक कराएं।
इनका कहना:-
जहां-जहां शिकायते मिल रही हैं और भ्रमण के दौरान खामियां दिख रही हैं, वहां पर ठीक कराया जा रहा है। कल ही कॉन्वेंट स्कूल बिलौंजी के पास सीवर लाइन बैठ गई थी। गिट्टी-सीमेंट व रेता से भरा दिया गया है और भ्रमण भी किया जावेगा।
प्रवीण गोस्वामी
सहायक यंत्री एवं प्रभारी सीवरेज
इनका कहना:-
सीवर लाइन के धसकने संबंधी लगातार शिकायते मिल रही हैं। गत दिवस बिलौंजी के एलआईजी मार्ग का भ्रमण भी किया था और वहां तत्काल सीवर लाइन के स्टाफ को बुलाकर गुणवत्ता युक्त कार्य कराने के निर्देश दिये थे। यदि गुणवता विहीन कार्य हो रहे हैं तो ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई होगी ।
देवेश पाण्डेय
अध्यक्ष, नपानि सिंगरौली
इनका कहना:-
सीवर लाइन बेहद घटिया कार्य चल रहा है। वार्ड क्रमांक 42 में कई जगह सीवर लाइन धसक गई है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे ठेकेदार के विरूद्ध अपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया जाना चाहिए। कई बार आयुक्त को भी अवगत कराया गया है।
संतोष शाह
पार्षद, वार्ड क्रमांक 42
