भोपाल। नगरीय विकास एवं आवास विभाग की साप्ताहिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में योजनाओं की समीक्षा के दौरान विभिन्न नगरीय निकायों में लापरवाही सामने आने पर नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया। कार्रवाई पेयजल योजनाओं, स्वच्छ जल अभियान, अमृत 2.0 योजना तथा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही के चलते की गई है।
नगर परिषद विजयपुर के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोज शर्मा पर स्वच्छ जल अभियान में अपेक्षित रुचि नहीं लेने और दूषित पेयजल संबंधी शिकायतों का समयसीमा में समाधान नहीं करने का आरोप पाया गया। शिकायतें एल-4 स्तर तक पहुंचने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को गंभीर लापरवाही माना गया।
वहीं नगर परिषद भाण्डेर, जिला दतिया में अमृत 2.0 योजना के तहत संविदाकार को समय पर स्वीकृति पत्र जारी नहीं करने पर हनुमंत भदौरिया को जिम्मेदार ठहराया गया। इससे योजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी हुई।
इसके अलावा नगर परिषद बडौनी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत राठौर पर हितग्राही योजनाओं, स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में ढिलाई बरतने के साथ ही विभागीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
आयुक्त संकेत भोंडवे ने स्पष्ट कहा कि शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के समयबद्ध निराकरण और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
