मौके पर अफरा-तफरी, पुलिस कर रही वीडियो की जांच
इंदौर: मानपुर इलाके से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान कुछ युवक खुलेआम हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में लगातार कई राउंड फायरिंग की गई, जिसे देख वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए और अफरा-तफरी मच गई. हालांकि घटना की कोई आधिकारिक शिकायत पुलिस तक नहीं पहुंची है, लेकिन मानपुर थाना पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग कहां और कब हुई तथा इसमें शामिल युवक कौन हैं. एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह वीडियो करीब छह माह पुराना प्रतीत हो रहा है. इसके बावजूद मामले की पड़ताल की जा रही है और दोषियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
