मुंबई, 30 जुलाई (वार्ता) ऑटो और तेल एवं गैस सेक्टरों में लिवाली से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांकों में तेजी देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 273.55 अंक (0.35 प्रतिशत) चढ़कर 77,928.15 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 66.95 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,317.15 अंक पर पहुंच गया। यह दोनों सूचकांकों का 17 जुलाई के बाद का उच्चतम स्तर है। प्रमुख सेक्टरों के विपरीत वृहत बाजार में गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.33 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.56 प्रतिशत फिसल गया।
ऑटो सेक्टर में सबसे ज्यादा लिवाली देखी गयी। तेल एवं गैस, आईटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, मीडिया और धातु सेक्टरों में भी तेजी रही। रियल्टी, रसायन, वित्त, बैंकिंग, सीमेंट और एफएमसीजी सेक्टरों पर बिकवाली का दबाव रहा। सेंसेक्स में मारुति सुजुकी और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर करीब पौने दो फीसदी चढ़े। रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और पावरग्रिड के शेयर एक से डेढ़ फीसदी तक मजबूत हुए। टेक महिंद्रा, सन फार्मा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी हरे निशान में रहे। अडानी पोर्ट्स का शेयर सवा तीन फीसदी के नुकसान में रहा। इंडिगो, बजाज फिनसर्व, बीईएल, एक्सिस बैंक, टीसीएस, हिंदुस्तान यूनीलिवर, एशियन पेंट्स, कोटक महिंद्रा बैंक और आईटीसी के शेयर भी नीचे रहे।

