लखनऊ, 31 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से आयोजित यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण का भव्य आगाज 14 अगस्त को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा। उद्घाटन समारोह में प्रख्यात गायक शंकर महादेवन, प्रसिद्ध गायिका जैस्मीन सैंडलास तथा सिद्धार्थ महादेवन और शिवम महादेवन अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। आयोजन को यादगार बनाने के लिए लेजर शो, भव्य ड्रोन शो और लाइव नैरेशन की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
लीग के व्यापक प्रचार-प्रसार को गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार को इकाना स्टेडियम में इन्फ्लूएंसर मीट आयोजित की गई, जिसमें सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और ऑनलाइन मीडिया से जुड़े 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान लीग की तैयारियों, प्रचार अभियान और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक से अधिक क्रिकेट प्रेमियों तक पहुंच बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि वर्तमान दौर में खेलों के प्रचार-प्रसार में डिजिटल प्लेटफॉर्म की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट अनुभव देना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि डिजिटल क्रिएटर्स के सहयोग से लीग की लोकप्रियता और अधिक बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इस बार इन्फ्लूएंसर्स की सक्रिय भागीदारी को देखते हुए यूपी टी-20 लीग को एक तरह से “इन्फ्लूएंसर्स लीग” भी कहा जा सकता है।
डॉ. कपूर ने बताया कि इस बार पूरे प्रदेश के इन्फ्लूएंसर्स के लिए लखनऊ और कानपुर में अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। दोनों शहरों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को दो लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को डेढ़ लाख रुपये तथा तृतीय स्थान पाने वाले को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा मैचों के दौरान सोशल मीडिया पर प्रतिदिन की सर्वश्रेष्ठ पोस्ट को पांच हजार रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। आयोजन स्थलों पर इन्फ्लूएंसर्स के लिए विशेष ‘इन्फ्लूएंसर जोन’ भी बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बार पहली बार यूपी टी-20 लीग के मुकाबले लखनऊ और कानपुर दोनों शहरों में खेले जाएंगे, जिससे प्रदेश के अधिक से अधिक क्रिकेट प्रेमियों को स्टेडियम में मुकाबलों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। दर्शकों के मनोरंजन के लिए आयोजन स्थल पर फूड कार्निवाल भी लगाया जाएगा, जहां विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकेगा।
