इंदौर: पुलिस ने शहर के प्रसिद्ध झांजरिया ज्वेलर्स के कर्मचारी के साथ 10 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी और लूट करने वाले दो शातिर ठगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए आभूषण बरामद कर लिए हैं. आरोपियों ने ऑनलाइन फ्लेट बुक कर ज्वेलरी शोरूम कर्मचारी को झांसा दिया था.आरोपी विशाल शेरा और प्रमोद सेन ने निपानिया स्थित पिनेकल ड्रीम्स में फ्लेट बुक किया और झांजरिया ज्वेलर्स के कर्मचारी को फ्लेट पर बुलाकर सोने की चेन और कड़े लेने के लिए कहा.
कर्मचारी ने आभूषण पहुंचाए, लेकिन आरोपी उसे धक्का देकर अपने साथी के साथ फरार हो गए. सतर्कता और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लसूडिया पुलिस ने आरोपियों की खोजबीन शुरू की. ओमेक्स सिटी और देवास मार्ग पर ट्रेसिंग के बाद पता चला कि आरोपी भोपाल से शताब्दी ट्रेन पकड़कर दिल्ली जा रहे हैं.
इसके तुरंत बाद पुलिस ने ग्वालियर जीआरपी पुलिस की मदद से दोनों आरोपियों वेस्ट दिल्ली के विपिन गार्डन स्थित सूर्या अपार्टमेंट में रहने वाले 48 वर्षीय विशाल शेरा तथा उत्तर प्रदेश के कासगंज गंगेश्वर कॉलोनी में रहने वाले 50 वर्षीय प्रमोद सेन जो अपाहित भी है, को ट्रेन में गिरफ्तार कर उनके पास से लूटे गए आभूषण दो सोने की चेन, दो सोने के कड़े जिनकी कीमत 10 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है बरामद किए. पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने विभिन्न ज्वेलर्स से इसी तरह का धोखाधड़ी करने का तरीका अपनाया था. दोनों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है
