
भोपाल।निशातपुरा थाना पुलिस ने चोरी की एक घटना का पर्दाफाश कर लगभग साढ़े 3 करोड रुपए क़ीमत के जेवरात गुरूवार को बरामद किया. पुलिस कमिश्नर कार्यालय सभागार में अधिकारियों ने घटना को लेकर जानकारी दी. ज्वेलरी का व्यापार करने वाले फरियादी राम बाबू राठौर निवासी श्री विनायक वैली कालोनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. रामबाबू ने पुलिस को बताया कि वह शहर में फेरी लगाकर सोने चांदी के आभूषण बेचने का काम करते है. 6 अक्टूबर को सुबह के समय आभूषणों का बैग लेकर कार से बीना गए थे. वहां बारिश अधिक होने से बिक्री नहीं हुई तो भोपाल आ गए. रात के करीब 11 बजे भानपुर स्थित एक ढाबे पर खाना पीना खाकर कार में शराब पी और घर के लिये निकले. रास्ते मे चक्कर आने लगा तो वह करोंद में अपनी गाडी को साईड में खड़ी करके ड्रायवरी सीट पर लेट गए. अगले दिन सुबह में लगभग 4 बजे रामबाबू की नींद खुली तो देखा कि सोने के आभूषणों से भरा बैग गाडी में नही था. फरियादी की रिपोर्ट पर थाना निशातपुरा ने केस दर्ज किया. फरियादी ने पुलिस को बताया कि चोरी गये सोने के जेवर का वजन लगभग सवा तीन किलो, चांदी के जेवर 800 ग्राम लगभग जिसकी कीमत सवा 3 करोड रूपये और नगद 4 लाख 50 हजार गायब है.
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत ही घटनास्थल के सीसीटीव्ही कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज और तकनीकी साक्ष्यो के आधार पर संदेही 100 से ज्यादा सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज देख गये. संदेहियो की तलाश कर पहचान कर पुलिस ने उन्हें पकड़ा और ज्वेलरी सहित नगदी बरामद की. आरोपियों की पहचान हरीश यादव और दीपक सूर्यवंशी निवासी शिवनगर छोला के रूप में की गई है. पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी हरीश यादव और दीपक रात के समय आटो से निकलते है और ऐसे लोगो को टारगेट करते है, जो रोड के किनारे नशे में सो जाते हैं. आरोपीगण ऐसे लोगो की जेबो तथा सामान को टटोल कर रूपये पैसे , मोबाईल , मंहंगे सामान चोरी कर लेते है , जिन्हे थोडा बहुत पैसा मिल जाता है, जिसका पैसे या सामान चोरी होता वो भी चोरी की कोई रिपोर्ट नही करते थे. इसलिये आरोपीगण ऐसे कार्य करते रहते है. दोनों ही आरोपी चोरी के सोने चांदी के जेवरो को बेचने के लिये ग्राहक की तलाश में जुटे थे. उसके पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकार्ड भी सामने आए है.
