श्योपुर:श्योपुर में बीती रात से जारी झमाझम बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। लगातार हो रही बारिश से जिले में औसतन 111.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि 13 जुलाई को 119.32 मिमी बारिश पहले ही हो चुकी थी। इस तरह दो दिनों में 231.12 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।बारिश से सबसे ज्यादा असर बड़ौदा क्षेत्र में देखने को मिला, जहां सोमवार को 174 मिमी वर्षा दर्ज की गई। तेज बारिश के चलते नालों का पानी बाजारों और घरों में घुस गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी जलभराव हो गया, जिससे मरीजों और मेडिकल स्टाफ को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सड़कें डूबीं, पुल पर पानी
बड़ौदा-बारा हाईवे स्थित कुहानजापुर पुलिया पर पार्वती नदी का जलस्तर 5 फीट तक पहुंच गया है जिससे इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद हो गया है। वहीं विजयपुर में क्वारी नदी उफान पर है, जिसके कारण कई गांवों में पानी भर गया है। अगरा की पुलिया पर पानी आने से विजयपुर-अगरा मार्ग बंद हो गया है। बारिश और जलभराव की वजह से ग्रामीण अंचलों में संपर्क टूटने जैसी स्थिति बन गई है।
संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनात
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात कर दिया है और लोगों से अपील की गई है कि जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाएं। साथ ही राहत और बचाव कार्यों के लिए सभी विभागों को अलर्ट कर दिया गया है।
