बिलहरी में भीषण हादसा: अनियंत्रित कार ऑटो से टकरा कर तालाब में गिरी, दो युवकों की मौत

कटनी/बिलहरी: कटनी जिले के बिलहरी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। कार पहले सड़क किनारे खड़े एक ऑटो से टकराई और टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन सीधा सड़क से उछलकर लक्ष्मण सागर तालाब में जा गिरा।इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवकों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई।

कटनी से बिलहरी लौट रहे थे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब साढ़े 11 बजे चार युवक कार से कटनी से बिलहरी लौट रहे थे। बिलहरी पहुंचने से ठीक पहले तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया। कार पहले किनारे खड़े एक ऑटो से जोरदार टकराई, जिससे उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सीधे तालाब में जा समाई। पानी में गिरते ही कार डूबने लगी। स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर पुलिस को सूचना दी।

दो युवकों की मौत, दो ने बचाई जान
हादसे में प्रशांत नायक (28) और विकास तिवारी (26) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अभिषेक चौरसिया (26) और अमन ताम्रकार (26) ने खिड़की के शीशे तोड़कर किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
पुलिस की तत्परता
बिलहरी चौकी प्रभारी सुयश पांडा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से कार को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों युवक दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

Next Post

शिक्षकों और कर्मचारियों के अवकाश अब ऑनलाइन स्वीकृत होंगे

Sun Nov 9 , 2025
सतना/चित्रकूट:महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों के अवकाश आवेदन अब समर्थ ई- जीओवी के अंतर्गत ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त और स्वीकृत किए जाएंगे। इस हेतु सभी शैक्षणिक और गैर कर्मचारियों एवं उनके संबंधित विभागीय अधिकारियों की प्रोफ़ाइल तैयार कर विभागीय ईमेल पर प्रेषित कर दी गई है। […]

You May Like