
सीधी। जिले के नकझर खुर्द गांव का 26 वर्षीय युवक सुधीर पाण्डेय गुजरात के सूरत में मजदूरी करता था। परिवार का कहना है कि 4 नवंबर को उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद से वह लापता है।
परिजनों ने बताया कि वीडियो में सुधीर के साथ एक व्यक्ति अमानवीय व्यवहार करते हुए दिख रहा है। आरोप है कि आरोपी ने उसे धमकाया और अपमानित किया। घटना के बाद युवक का मोबाइल फोन बंद है और उसका कोई पता नहीं चल पा रहा।
परिवार ने बुधवार को बहरी थाना पहुंचकर पुलिस से बेटे को खोजने की मांग की है। थाना प्रभारी राजेश पाण्डेय ने बताया कि प्राप्त वीडियो और शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। मामला दूसरे राज्य का प्रतीत होने से वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।
