शिक्षकों और कर्मचारियों के अवकाश अब ऑनलाइन स्वीकृत होंगे

सतना/चित्रकूट:महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों के अवकाश आवेदन अब समर्थ ई- जीओवी के अंतर्गत ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त और स्वीकृत किए जाएंगे। इस हेतु सभी शैक्षणिक और गैर कर्मचारियों एवं उनके संबंधित विभागीय अधिकारियों की प्रोफ़ाइल तैयार कर विभागीय ईमेल पर प्रेषित कर दी गई है। इस आशय के संपन्न कार्य अनुमोदन कुलगुरु प्रो भरत मिश्रा ने मंगलवार को आयोजित वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में प्रदान किया है।

कुलसचिव प्रो आर सी त्रिपाठी ने शिक्षक , कर्मचारी एवं एडमिन हेतु लॉगिन करने एवं अवकाश आवेदन करने तथा स्वीकृत करने हेतु दिशा निर्देश का अनुमोदन भी इस मौके कुलगुरु प्रो भरत मिश्रा से प्राप्त किया। ज्ञातव्य है ग्रामोदय विश्वविद्यालय में लागू नियम और प्रावधान के अनुसार प्रत्येक माह के पहले मंगलवार को कुलगुरु की अध्यक्षता में ग्रामोदय विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक और सम सामयिक विषय पर निर्णय और आवश्यक निर्देश जारी किए जाते हैं।

इस अवसर पर कुलगुरु प्रो भरत मिश्रा ने पदोन्नति पाने वाले शिक्षको, कर्मचारियों तथा अनुकंपा नियुक्ति पाने वाले कर्मियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की । साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि सभी लोग पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ विश्वविद्यालय के संस्थापक भारतरत्न राष्ट्रऋषि श्रद्धेय नानाजी देशमुख की ग्रामोदय संकल्पना को यथार्थ का धरातल प्रदान करने की दिशा लगे रहेंगे।

उन्होंने ग्रामोदय विश्वविद्यालय को स्वावलंबन की दिशा में ले जाने के लिए किए जा रहे कार्यों और प्रयासों को बताया। प्रो मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण कार्यवाही की समीक्षा करते हुए प्रसन्नता व्यक्त किया कि ग्रामोदय विश्वविद्यालय 93 वेटेज स्कोर के साथ ग्रेड ए अर्जित करते हुए पूरे प्रदेश में सबसे आगे है।यूनिवर्सिटी स्टाफ इसके लिए बधाई का पात्र है। उन्होंने शिकायत निराकरण के मामले में गुणवत्ता पूर्ण सतत प्रथम स्थान पर रहने के लिए यूनिवर्सिटी स्टाफ को प्रोत्साहित भी किया।
बैठक में विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कुलगुरु प्रो भरत मिश्रा ने नवंबर माह की कार्य योजना को स्वीकृत प्रदान की। उन्होंने स्वयं पोर्टल और अन्य माध्यमों से ऑनलाइन पाठ्यक्रम संचालित करने हेतु संभावनाओं पर विचार किया और निर्देश दिए कि इस दिशा में प्राथमिकता के आधार पर कार्य योजना प्रस्तुत की जाय। आगामी परीक्षा को संपन्न कराने हेतु विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के आदेश दिए। प्रो मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों को कहा कि वे समय सीमा के अंदर गुणवत्ता पूर्ण ढंग से कार्यवाही कर समीक्षा बैठक के पूर्व पालन प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से कुलसचिव कार्यालय को प्रेषित करें। इस अवसर पर संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, निदेशक, अनुभाग प्रमुख सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की।

Next Post

मतदाता सूची त्रुटिरहित शुद्ध व पारदर्शी प्रक्रिया है एसआईआर: वीरेन्द्र गुप्ता

Sun Nov 9 , 2025
रीवा:भाजपा कार्यालय अटल कुंज में मतादाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला में मतदान केन्द्र के बीएलओ से लेकर त्रिदेव व मंडल में निवासरत कार्यकर्ता उपस्थित हुए.कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के संचालन हेतु मतदाता सूची […]

You May Like