हैदराबाद, 22 मई (वार्ता) इशान किशन (79), अभिषेक शर्मा ( 56) और हाइनरिक क्लासन (51) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 67वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ चार विकेट पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
आज यहां सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने पहले विकेट लिए (45) रन जोड़े। चौथे ओवर में रसिख सलाम ने ट्रेविस हेड 16 गेंदों में (26) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। नौवें ओवर में सुयश शर्मा ने अर्धशतक बना चुके अभिषेक शर्मा का शिकार कर लिया। अभिषेक शर्मा ने 22 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 56 रनों की पारी खेली। सनराइजर्स का तीसरा विकेट 17वें ओवर में हाइनरिक क्लासन के रूप में गिरा। उन्हें क्रुणाल पांड्या ने आउट किया। हाइनरिक क्लासन ने 24 गेंदों में दो चौके और पांच छक्के लगाते हुए 51 रन बनाये।
सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इशान किशन ने 46 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के लगाते हुए 79 रनों की पारी खेली। वहीं पारी की आखिरी गेंद पर कैच आउट हुये। वहीं नीतीश कुमार रेड्डी ने 12 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के लगाते हुए नाबाद 29 रन बनाये। इस स्कोर के साथ सनराइजर्स ने टॉप 2 में अपना स्थान पक्का करने के लिए दरवाजा खोल दिया है।
आरसीबी के लिए रसिख सलाम ने दो विकेट लिये। क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
