इलाज कराने जा रहे पति-पत्नी की ट्रेन से कटकर मौत, पर्ची में लिखे मोबाइल नंबर से हुई शिनाख्त

दमोह।जिले के हिंडोरिया थाना के बिल्थरा गांव में रहने वाले दंपति की बुधवार रात कटनी जिले के बखलेटा रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी की टक्कर से मौत हो गई है. दोनों के शव गुरुवार दोपहर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई.

पत्नी अपने पति का इलाज कराने के लिए मंदिर ले जा रही थी.इसी दौरान यह हादसा हो गया और दोनों की मौत हो गई.

दमोह जीआरपी चौकी प्रभारी शेख जुम्मन ने बताया की बिल्थरा गांव में रहने वाले सुखदेव माली और उनकी पत्नी सुलेखा की कटनी जिले के बखलेटा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की टक्कर से मौत हो गई है. स्टेशन मास्टर सागौनी से उन्हें बुधवार रात सूचना मिली कि दो अज्ञात शव रेलवे ट्रैक पर पड़े हैं.वह मौके पर पहुंचे और शव को रेलवे ट्रैक से सुरक्षित हटाकर रखवाया. सुबह पंचनामा कार्रवाई के दौरान एक पर्ची मिली उस पर्ची में लिखे मोबाइल नंबर पर जब फोन लगाया तो मृतक के छोटे भाई रामचरण माली से संपर्क हुआ. उसे मृतकों के फोटो दिखाए तो शिनाख्त हो गई. मृतक के भाई ने बताया कि उसके बड़े भाई सुखदेव को पिछले 5 साल से मिर्गी का दौरा आता था. उसीका इलाज कराने के लिए भाभी सुलेखा बखलेटा में एक हनुमान मंदिर में पूजन कराने के लिए ले जा रही थी.अंदेशा है इसी दौरान रेलवे स्टेशन पर सुखदेव को मिर्गी का दौरा आया और वह रेलवे ट्रैक पर कूद गया और उसे बचाने पीछे पत्नी दौड़ी तो दोनों मालगाड़ी की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई. गुरुवार दोपहर दोनों का पंचनामा कराया गया, लेकिन पोस्टमार्टम में काफी समय लगने के कारण उनका पोस्टमार्टम शाम साढ़े पांच बजे तक नहीं हो पाया है. जीआरपी चौकी प्रभारी शेख जुम्मन ने बताया कि ऑनलाइन नाम जनरेट होने में समय लगने के चलते पोस्टमार्टम में समय लग रहा है. वहीं परिजन काफी गमगीन है क्योंकि एक साथ पति-पत्नी की मौत से दो बच्चों के सर से माता-पिता का साया भी उठ गया है.जीआरपी पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Next Post

कमिश्नर और संभागीय रोल आब्जर्वर ने चित्रकूट में पुनरीक्षण कार्य का लिया जायजा

Thu Jan 22 , 2026
सतना।कमिश्नर रीवा बी.एस. जामोद ने गुरुवार को सतना जिले के चित्रकूट के नगर परिषद कार्यालय में बैठक लेकर चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 61 अंतर्गत किये जा रहे मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया। इस मौके पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सतीश कुमार एस, एसडीएम एवं […]

You May Like