बोर्ड परीक्षाओ में 30 हजार 502 परीक्षार्थी होंगे शामिल

० नकल रोंकने के लिए होंगे पुख्ता इंतजाम, उडऩदस्ता टीमें परीक्षा केन्द्रों का करेंगी निरीक्षण

नवभारत न्यूज

सीधी 8 फरवरी। जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्ड्री परीक्षाओं के लिए इस वर्ष 66 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 12 परीक्षा केन्द्र संवेदनशील एवं 7 परीक्षा केन्द्र अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। बोर्ड परीक्षाओं में 30502 परीक्षार्थी इस वर्ष 2024-25 में शामिल होंगे। जिसमें हाई स्कूल के 18047 परीक्षार्थी एवं हायर सेकेण्ड्री के 12455 परीक्षार्थी शामिल हैं।

जिला शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बोर्ड परीक्षाओं में नकल न हो इसके लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करने के लिए उडऩदस्ता की व्यवस्था रहेगी। जिला शिक्षा विभाग के साथ ही कलेक्टर पैनल एवं संभागीय उडऩदस्ता की व्यवस्था रहेगी। परीक्षा केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए जिला शिक्षा विभाग द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। मध्यमिक शिक्षा मंडल हायर सेकेण्ड्री की परीक्षा 25 फरवरी एवं 10वीं की परीक्षा 27 फरवरी से आरंभ होंगी। जिला शिक्षा विभाग द्वारा घोषित परीक्षा तिथियों के अनुसार ही सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। बताया गया है कि फरवरी माह में परीक्षा केन्द्रों के लिए केन्द्राध्यक्षों की नियुक्ति के लिए भी सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूर्ण कर लिया जाएगा। इस वर्ष केन्द्राध्यक्षों की नियुक्ति के लिए अलग तरीके अपनाए जा रहे हैं। जिसके चलते केन्द्राध्यक्ष बनने के लिए जो होड़ पूर्व में देखी जाती थी वह इस वर्ष नहीं दिखेगी।

बोर्ड परीक्षाओं में विद्यालयों का परीक्षा परिणाम भी बेहतर आए इसको लेकर भी लगातार दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैैं। जिससे बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट इस वर्ष पूर्व की अपेक्षा बेहतर आ सके। परीक्षार्थी भी अब परीक्षाओं के नजदीक आने के कारण अपनी पठन-पाठन की व्यवस्था को पुख्ता करने में जुटे हुए हैं। जिससे उनके परीक्षा नतीजे अच्छे आ सकें। विद्यालयों में भी अब बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों को काफी तेजी के साथ तैयारियां कराई जा रही हैं। जो बच्चे पढऩे में कमजोर हैं उनको भी लगातार समझाईश दी जा रही है कि वह पढ़ाई पर पूरा ध्यान दें जिससे परीक्षा के दौरान उनका भी रिजल्ट बेहतर हो सके।

००

संवेदनशील एवं अति संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर नजर

सीधी जिले में कलेक्टर के अनुमोदन के बाद 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 66 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जिनमें 12 परीक्षा केन्द्र संवेदनशील तथा 7 परीक्षा केन्द्र अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। अति संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कमर्जी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हटवा खास, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बघवार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धुम्मा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिनौती, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुड़वार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कंधवार शामिल हैं। इसी तरह संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों में बहु कन्या रामपुर नैकिन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हनुमानगढ़, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लकोड़ा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ममदर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेमरिया, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सपही, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खड्डी, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चुरहट, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय रामपुर नैकिन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बहरी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पतुलखी, कन्या सीएम राइज स्कूल सीधी के स्वाध्यायी होने के कारण शामिल हैं।

००

इनका कहना है

जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्ड्री परीक्षाओं के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण हो चुका है। परीक्षा केन्द्रों में नकल रोंकने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बनाई जाएंगी। साथ ही संवेदनशील एवं अति संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों में अतिरिक्त सुरक्षा की व्यवस्था रहेगी। परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण गठित उडऩदस्तों के द्वारा भी लगातार होती रहेगी।

डॉ.प्रेमलाल मिश्रा, डीईओ सीधी

०००००००००००

Next Post

हत्या के फरार मुख्य दो आरोपी पति और पत्नी गिरफ्तार

Sat Feb 8 , 2025
पूर्व में 5 की हो चुकी गिरफ्तारी   नवभारत न्यूज रतलाम। दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दो सप्ताह पूर्व हुई जघन्य हत्या में फरार दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। इससे पूर्व पांच आरोपियों को पुलिस ने हत्या के मामले में गिरफ्तार कर जेल […]

You May Like