
नरसिंहपुर । जबलपुर रेल मंडल के करेली रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब दोपहर 12 बजे के करीब स्टेशन मास्टर के कक्ष में एक कोबरा नागिन वायरिंग में उलझी हुई मिली। नागिन के ट्रेन कंट्रोल से जुड़े इलेक्ट्रिक बोर्ड में घुसने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारी काम छोड़कर रूम से बाहर निकल गये बताया जाता है कि स्टेशन मास्टर के रूम में लगे ट्रेन कंट्रोल इलेक्ट्रिक पैनल के तारों के बीच अचानक हलचल देखी गई। करीब से देखने पर पता चला कि एक कोबरा नागिन तारों में फंसी हुई है। रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए क्षेत्र को खाली कराया और बिजली आपूर्ति बंद कर दी।
सूचना मिलने पर एक सर्पमित्र को मौके पर बुलाया गया। नागिन तारों में बुरी तरह उलझी हुई थी, जिससे उसे सुरक्षित निकालना चुनौतीपूर्ण था। करीब आधे घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद, सर्पमित्र ने कड़ी मशक्कत से नागिन को बाहर निकाला। बचाव के बाद, नागिन को एक सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया। समय पर की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। रेलवे प्रशासन ने कर्मचारियों को सतर्क रहने और स्टेशन परिसर की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं।
