टोक्यो, 17 जुलाई (वार्ता) जापान की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी नोजोमी ओकुहारा के क्वार्टरफाइनल से हटने के बाद भारत की पीवी सिंधु जापान ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गईं है। जहां उनका मुकाबला चीन की पूर्व ओलंपिक चैंपियन और मौजूदा वर्ल्ड नंबर 4 चेन युफेई से होगा। टोक्यो मेट्रोपॉलिटन जिम्नेजियम में क्वार्टरफाइनल मैच बिना एक भी शटल खेले ही रद्द कर दिया गया। दिलचस्प बात यह है कि वर्ल्ड नंबर 11 ओकुहारा, टॉप सीड दक्षिण कोरिया की एन से-यंग के राउंड ऑफ 16 से हटने के बाद क्वार्टर-फाइनल में पहुंची थीं। ओकुहारा के मैच से हटने पर भारतीय शटलर सिंधु को वॉकओवर मिला।
बैडमिंटन रैंकिंग में अभी 10वें स्थान पर मौजूद, दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु का सामना जापान ओपन के महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर 4 चेन युफेई से होगा।
सिंधु पहले ही टॉप 10 चीनी शटलर – वर्ल्ड नंबर 5 हान यू – को हराकर अंतिम आठ में जगह बना चुकी हैं। हालांकि, भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी का सामना चेन युफेई जैसी बहुत मज़बूत प्रतिद्वंद्वी से होगा, जिनका दोनों खिलाड़ियों के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 8-6 से बेहतर है। असल में, सिंधु चेन युफेई के खिलाफ़ लगातार चार मैच हार चुकी हैं और आखिरी बार उन्होंने इस चीनी शटलर के खिलाफ जीत 2019 बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के रास्ते में हासिल की थी।
चेन युफेई भी इस सीज़न में शानदार फॉर्म में हैं; उन्होंने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर 2026 में अपने सभी नौ टूर्नामेंटों में कम से कम सेमी-फ़ाइनल तक का सफ़र तय किया है। उन्होंने जनवरी में इंडोनेशिया मास्टर्स जीता था।
यह मैच इस साल बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर में पीवी सिंधु का तीसरा सेमी-फ़ाइनल होगा, इससे पहले वह मलेशिया और ऑस्ट्रेलिया ओपन के सेमी-फ़ाइनल में पहुंच चुकी हैं। वह इस सीजन में अभी तक किसी फाइनल में नहीं पहुंची हैं और आखिरी बार उन्होंने 2024 सैयद मोदी इंटरनेशनल में वर्ल्ड टूर का खिताब जीता था। सिंधु इस साल जापान ओपन में बची हुई एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी दोनों अपने शुरुआती राउंड के मैच हार गए, जबकि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को अपने शुरुआती मैच के दौरान चोट के कारण हटना पड़ा।

