
बैतूल। मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी सामूहिक कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत रविवार को जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य आयोजन संपन्न हुआ। जनपद पंचायत बैतूल द्वारा आयोजित इस समारोह में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व स्थानीय विधायक हेमंत खण्डेलवाल विशेष रूप से सम्मिलित हुए। उन्होंने परिणय सूत्र में बंधे नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें सुखद और मंगलमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
समारोह की गरिमा बढ़ाते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने भी शिरकत की और शासन की इस कल्याणकारी योजना की सराहना की। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे तथा पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने शासन की मंशा के अनुरूप आयोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में एकता और समरसता का संदेश देते हैं।
इस भव्य वैवाहिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे सामाजिक न्याय की अवधारणा को बल मिला। उपस्थित परिजनों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
