
जबलपुर। सिहोरा थाना अंतर्गत वार्ड क्रमांक-7, गढ़िया मोहल्ला में बहू से विवाद करने रोकने पर कलयुगी पुत्र ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गढ़िया मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय करन कोल शराब के नशे में अपने घर पहुंचा था। वहां भोजन को लेकर उसका अपनी पत्नी क्रांति बाई कोल के साथ विवाद और मारपीट शुरू हो गई।
इस दौरान करन की 64 वर्षीय मां गिरान बाई ने बीच-बचाव करने और बहू का पक्ष लेते हुए बेटे को समझाने का प्रयास किया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी मां पर हमला कर दिया। घर में रखे टेबल फैन की रॉड से सिर पर वार किए जाने के कारण वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सिहोरा पुलिस ने मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी करन कोल के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
