इंदौर:द्वारकापुरी इलाके में कुछ देर पहले अचानक हुए सिलेंडर विस्फोट से हड़कंप मच गया। 60 फीट रोड स्थित एक मकान में गैस रिफिलिंग के दौरान हादसा हुआ, जिसमें तीन लोग झुलसकर घायल हो गए। सभी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।दो मंजिला मकान में बर्तन दुकान और गैस रिफिलिंग का काम किया जाता था। बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर में रिफिलिंग के दौरान ही धमाका हुआ, जिसकी चपेट में दुकान संचालक के परिजन और एक पड़ोसी आ गए।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। मामले में एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि 60 फीट रोड पर श्रीनाथ स्टील सेंटर के पास सिलेंडर फटने की घटना सामने आई। मौके पर मौजूद तीन लोग घायल हुए थे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
