अहमदाबाद, (वार्ता) अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में सोमवार को भारत की पुरुष और महिला कबड्डी टीमों ने नाइजीरिया को हराकर शानदार जीत दर्ज की। महिला टीम ने 38-10 से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की, जबकि पुरुष टीम ने इसके बाद 50-23 से जीत दर्ज की। यह चैंपियनशिप में दोनों टीमों की चौथी जीत रही।
भारतीय महिला टीम ने नाइजीरिया को 38-10 से हराकर दबदबे के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। टीम ने शुरुआत से ही मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा और हाफ टाइम तक 24-6 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद दूसरे हाफ में भी उसी लय को बरकरार रखते हुए शेष 14 अंक जुटाये।
अनु मैच की स्टार रहीं और उन्होंने 17 रेड में 11 रेड अंक हासिल किए। साक्षी ने 4 रेड अंक का योगदान दिया, जबकि कप्तान निधि शर्मा ने 2 अंक जोड़े। डिफेंस में सभाई गढ़वी ने 3 टैकल अंकों के साथ अपनी छाप छोड़ी, जबकि प्रिया और रितु ने 2-2 टैकल अंक हासिल किये।
नाइजीरिया की ओर से रॉबर्ट मोसेस ने 6 रेड अंक हासिल किए, जबकि बैसी एडेट ने 2 अंक का योगदान दिया। डेनिस उडेमे ने नाइजीरिया के लिए एकमात्र टैकल अंक हासिल किया, जबकि भारतीय रेडर्स को मुकाबले के अधिकांश समय बहुत कम प्रतिरोध का सामना करना पड़ा।
पुरुष टीम ने भी दिन की दूसरी जीत दर्ज करते हुए नाइजीरिया को हराकर चैंपियनशिप में अपनी चौथी जीत हासिल की। भारत ने हाफ टाइम तक 25-7 की मजबूत बढ़त बना ली थी और मुकाबले का अंत रेड अंक (31-21) तथा टैकल अंक (7-2) में बढ़त के साथ किया।
सचिन ने 12 अंकों के साथ रेडिंग विभाग का नेतृत्व किया, जबकि आदित्य शिंदे 11 रेड अंकों के साथ उनके ठीक पीछे रहे। पंकज मोहिते ने 8 रेड अंक और 2 टैकल अंक का योगदान दिया, जबकि डिफेंस में सुरजीत नरवाल ने 4 टैकल अंकों के साथ सबसे अधिक अंक हासिल किये।
नाइजीरिया की ओर से एडेम विजडम इटा ने 8 रेड अंकों के साथ टीम का नेतृत्व किया। एकपे विक्ट्री इमैनुएल ने 6 अंक (5 रेड अंक और 1 टैकल अंक) हासिल किए, जबकि इजु प्रिंस उदा ने 5 रेड अंक का योगदान दिया। नाइजीरिया ने ब्रेक के बाद बेहतर प्रदर्शन करते हुए दूसरे हाफ में 16 अंक जुटाये, लेकिन भारत की बढ़त कभी भी खतरे में नहीं पड़ी।
महिला टीम अब शुक्रवार को ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी। वहीं, पुरुष टीम मंगलवार को तंजानिया का सामना करेगी।
