भोपाल। बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो ने शुरू कर दी है। जांच अपने हाथ में लेने के बाद मंगलवार को सीबीआई की टीम राजधानी के बागमुगलिया स्थित रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के निवास पर पहुंची, जहां अधिकारियों ने काफी देर तक निरीक्षण किया और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ भी की। सूत्रों के अनुसार, टीम ने उस स्थान का बारीकी से जायजा लिया जिसे मामले का कथित क्राइम सीन माना जा रहा है। अधिकारियों ने घर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर घटनाक्रम को समझने की कोशिश की। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि ट्विशा शर्मा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटनास्थल पर मौजूद परिस्थितियां किस ओर संकेत करती हैं।

सीबीआई टीम ने मौके से जुड़े तथ्यों, घटनाक्रम और तकनीकी पहलुओं की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि एजेंसी अब मामले से जुड़े सभी किरदारों और घटनाओं की कड़ियों को जोड़ने में लगी है। इसी क्रम में यह संभावना भी जताई जा रही है कि ट्विशा के पति समर्थ सिंह से दोबारा या विस्तृत पूछताछ की जा सकती है। मामला पहले से ही चर्चाओं में बना हुआ है और सीबीआई की एंट्री के बाद जांच की दिशा और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि एजेंसी की जांच में आगे कौन-कौन से नए तथ्य सामने आते हैं।
