वाशिंगटन, 05 दिसंबर (वार्ता) अमेरिकी मीडिया हाउस ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने गुरुवार को अमेरिकी रक्षा विभाग के खिलाफ मीडिया पर लगाए गए प्रतिबंधात्मक नियमों को लेकर मुकदमा दायर किया है। अखबार ने तर्क दिया है कि मंत्रालय की यह नीति संयुक्त राज्य अमेरिका के संविधान के प्रथम संशोधन का उल्लंघन करती है। यह मुकदमा कोलंबिया जिला न्यायालय में दायर किया गया है, और इसमें रक्षा विभाग, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल को प्रतिवादी बनाया गया है। शिकायत में बताया गया है कि गत छह अक्टूबर को, मंत्रालय ने पेंटागन फैसिलिटी अल्टरनेट क्रेडेंशियल्स (जिसे पेंटागन बैज या बिल्डिंग पास भी कहा जाता है) पर एक नई नीति जारी की। यह नीति मंत्रालय के अधिकारियों को “असीमित विवेक” प्रदान करती है। इसके अंतर्गत वे वैध समाचार संकलन में शामिल पत्रकार की मान्यता को तुरंत निलंबित और अंततः रद्द तक कर सकते हैं। यह नियम पेंटागन परिसर के अंदर और बाहर दोनों जगह पत्रकारिता गतिविधियों पर लागू होता है, या यदि कोई पत्रकार ऐसी जानकारी प्रकाशित करता है जिसे विभाग के अधिकारियों ने मंजूरी नहीं दी है। शिकायत में आगे कहा गया है, “यह नीति, पहले संशोधन का उल्लंघन करते हुए, पत्रकारों की उस क्षमता को प्रतिबंधित करने का प्रयास करती है जो पत्रकार हमेशा से करते आए हैं – यानी सरकारी कर्मचारियों से सवाल पूछना और ऐसी खबरें देने के लिए जानकारी जुटाना जो जनता को केवल आधिकारिक घोषणाओं से परे ले जाएं।”
द न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि विभाग पत्रकारों से एक 21-पृष्ठ का फॉर्म पर हस्ताक्षर करने की मांग करता है जो पत्रकारिता गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाता है, जिसमें समाचार के लिए स्रोत के बारे में जानकारी देने का अनुरोध करना और पेंटागन के स्रोतों से पूछताछ करना शामिल है। रिपोर्ट में कहा गया है, “जो पत्रकार इन नियमों का पालन नहीं करेंगे, वे अपना प्रेस पास खो सकते हैं।” रिपोर्ट के अनुसार, शिकायत में नियमों को लागू करने पर रोक लगाने के लिए अदालत के आदेश और यह घोषणा करने की मांग की गई है कि “पहले संशोधन के अधिकारों के प्रयोग को निशाना बनाने वाले” प्रावधान गैरकानूनी हैं।
श्री पार्नेल ने इस बावत अपने एक बयान में कहा, “हम द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुकदमे से अवगत हैं और इन तर्कों को अदालत में संबोधित करने के लिए तत्पर हैं।”

