मुंबई, 06 फरवरी (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को शुरुआती गिरावट के बाद एफएमसीजी और निजी बैंकों के शेयरों में तेजी रही और प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 266.47 अंक (0.32 प्रतिशत) ऊपर 83,580.40 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 50.90 अंक चढ़कर 25,693.70 अंक पर बंद हुआ। सुबह सेंसेक्स एक समय 388 अंक टूट गया था, लेकिन रिजर्व बैंक (आरबीआई) के मौद्रिक नीति बयान से उत्साहित निवेशकों की लिवाली से दोपहर बाद लिवाली से यह 288 अंक चढ़ गया था।
केंद्रीय बैंक ने रेपो तथा दूसरी नीतिगत दरों में कोई बदलाव नहीं किया है, लेकिन आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने साफ कहा कि लंबे समय तक रेपो दर निचले स्तर पर बनी रहेगी। नीतिगत स्तर पर रिजर्व बैंक ने एमएसएमई के लिए रेहन-मुक्त ऋण की सीमा 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने की घोषणा की।
बड़ी कंपनियों के विपरीत मझौली और छोटी कंपनियों में बिकावाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.36 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.27 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ। एफएमसीजी सेक्टर का सूचकांक 2.27 प्रतिशत चढ़ा। निजी बैंक, रियलिटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांकों में भी तेजी रही। वहीं, निफ्टी आईटी सूचकांक 1.47 प्रतिशत लुढ़क गया। फार्मा, ऑटो, सार्वजनिक बैंकों, स्वास्थ्य और रसायन समूहों में भी गिरावट रही। एनएसई में जिन 3,242 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 1,781 के शेयर लाल निशान में और 1,340 के हरे निशान में बंद हुए। अन्य 121 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंत में अपरिवर्तित रहे। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 13 के शेयर हरे निशान में रहे। आईटीसी में 5.09 प्रतिशत का जबरदस्त उछाल देखा गया। कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 3.35 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 2.96 और भारती एयरटेल का 2.32 प्रतिशत चढ़ गया। बजाज फाइनेंस में 1.76 फीसदी, पावरग्रिड में 1.26, बजाज फिनसर्व में 1.17 और टाइटन में 1.07 प्रतिशत की तेजी रही। एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी हरे निशान में रहे।
टीसीएस में 1.69 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी। टेक महिंद्रा का शेयर 1.64 प्रतिशत, अडानी पार्ट्स, एशियन पेंट्स का 1.32, एशियन पेंट्स का 1.21 और इटरनल का 1.20 फीसदी टूटा। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस, बीईएल, भारतीय स्टेट बैंक, एनटीपीसी, इंडिगो, सनफार्मा, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी, ट्रेंट और टाटा स्टील के शेयर भी नीचे बंद हुए। वैश्विक स्तर पर एशिया में हांगकांग का हैंगसेंग 1.21 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.25 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। जापान का निक्केई 0.81 प्रतिशत चढ़ गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.23 प्रतिशत ऊपर रहा जबकि ब्रिटेन के एफटीएसई में टिकाव रहा।

