नयी दिल्ली, 06 फरवरी (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चावल के औसत भाव घट गये। चावल के साथ गेहूं में भी नरमी रही। चीनी के दाम कमोबेश गत दिवस के स्तर पर ही टिके रहे। दालों और खाद्य तेलों की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 14 रुपये घटकर 3,851 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं भी 16 रुपये टूट गया और 2,854 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटा 13 रुपये सस्ता हुआ। दाल-दलहनों में तुअर दाल की औसत कीमत 49 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। चना दाल सात रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। मसूर दाल 16 रुपये और मूंग दाल 15 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई। उड़द दाल में आठ रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अप्रैल वायदा 53 रिंगिट टूटकर 4,153 रिंगिट प्रति टन रह गया। अमेरिकी सोया तेल का मार्च वायदा भी 0.68 प्रतिशत की गिरावट में 55.27 सेंट प्रति पौंड बोला गया। स्थानीय बाजारों में सूरजमुखी तेल औसतन 28 रुपये और वनस्पति 22 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ। सरसों तेल की कीमत 51 रुपये और पाम ऑयल की 44 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। मूंगफली तेल 25 रुपये और सोया तेल 24 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ।
मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव 27 रुपये प्रति क्विंटल घट गये। वहीं, चीनी की कीमत गत दिवस के स्तर पर ही रही।

