महिंद्रा समूह नागपुर में लगायेगा सबसे बड़ा एकीकृत संयंत्र

नागपुर, 06 फरवरी (वार्ता) महिंद्रा समूह ने शुक्रवार को महाराष्ट्र में अगले 10 साल में 15,000 करोड़ रुपये के निवेश और नागपुर में अपना सबसे बड़ा एकीकृत संयंत्र लगाने की घोषणा की।
कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस संयंत्र में उपयोगी वाहनों और ट्रैक्टरों दोनों की विनिर्माण किया जायेगा। यह समूह की रणनीति में बड़े बदलाव का संकेत है। पूरी तरह परिचालन शुरू होने के बाद इस संयंत्र में सालाना पांच लाख वाहनों और एक लाख ट्रैक्टरों का उत्पादन किया जायेगा। इस अत्याधुनिक संयंत्र का निर्माण विदर्भ में 1,500 एकड़ भूमि पर किया जायेगा जबकि सांभाजीनगर में 150 एकड़ में सप्लायर पार्क बनाया जायेगा। इस सप्लायर पार्क से नागपुर के संयंत्र के अलावा महिंद्रा के चाकन और नासिक स्थित संयंत्रों को भी कल-पुर्जों की आपूर्ति की जायेगी। कंपनी ने बताया कि नागपुर संयंत्र में घरेलू बाजार और निर्यात के लिए पारंपरिक पेट्रोल-डीजल इंजन वाले वाहनों के अलावा इलेक्ट्रिक वाहन और भविष्य की प्रौद्योगिकियों पर आधारिक वाहन भी बनाये जायेंगे। इसमें आधुनिक ऑटोमेशन और डिजिटल विनिर्माण की भी सुविधा होगी।

इसके अलावा, महिंद्रा समूह ईगतपुरी-नासिक क्षेत्र में मौजूदा उत्पादों और इंजन निर्माण की क्षमता वृद्धि के लिए भी जमीन का अधिग्रहण करेगा। कुल मिलाकर तीनों स्थानों पर कुल 2,000 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जायेगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महिंद्रा की यह घोषणा राज्य के मजबूत औद्योगिक पारितंत्र और विकासात्मक नीतियों का परिणाम है। इससे राज्य में रोजगार बढ़ेगा, विदर्भ और आसपास के इलाकों में क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी और देश के विनिर्माण केंद्र के रूप में महाराष्ट्र की स्थिति मजबूत होगी। महिंद्रा एंड महिंद्रा में ऑटो और फार्म सेक्टर के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश जेजुरिकर ने कहा कि यह महिंद्रा की विनिर्माण यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे अगली पीढ़ी के वाहनों ओर ट्रैक्टरों के निर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा।

Next Post

रेपो दर में कमी के कारण बैंकों ने ऋण पर ब्याज में की 1.05 प्रतिशत कटौती

Fri Feb 6 , 2026
मुंबई, 06 फरवरी (वार्ता) रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा पिछले साल रेपो दर में चार बार में कुल 1.25 प्रतिशत की कटौती के बाद वाणिज्यिक बैंकों ने ऋण पर ब्याज दरों में 1.05 प्रतिशत की कमी की है। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने मौद्रिकी नीति समिति की शुक्रवार को संपन्न तीन […]

You May Like